एचएसआरपी के लिए कतार में लाखों वाहन, मात्र 25 दिन बाकी; शेष वाहनों का रजिस्ट्रेशन कैसे होगा पूरा?

एचएसआरपी को लेकर नागपुर में धीमी रफ्तार, 3 लाख से ज्यादा वाहन अब भी इंतजार में, अंतिम तारीख नजदीक
नागपुर: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) को लेकर नागपुर जिले में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीण आरटीओ क्षेत्र में लगभग 5.62 लाख वाहनों को एचएसआरपी लगवानी है, लेकिन अब तक केवल 68 हजार वाहनों में ही ये प्लेट लगाई जा सकी है। इसके अलावा करीब 1.25 लाख वाहनों ने ही अपॉइंटमेंट बुक कराया है। इसका मतलब है कि 3 लाख से अधिक वाहन अब भी प्रक्रिया से बाहर हैं, जबकि अंतिम तिथि 30 जून तेजी से नजदीक आ रही है।
शहर और पूर्व नागपुर आरटीओ की स्थिति और भी खराब है। यहां 10 लाख से ज्यादा वाहनों को एचएसआरपी लगाना अनिवार्य है, लेकिन अब तक बहुत ही सीमित संख्या में ही नंबर प्लेट लगाई गई है। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या तय समयसीमा में शेष वाहनों का पंजीकरण संभव होगा?
केंद्र सरकार ने वाहनों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी पुराने वाहनों में एचएसआरपी अनिवार्य की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर मोटर वाहन अधिनियम 1989 में यह प्रावधान किया गया था। इसके तहत राज्य परिवहन विभाग ने 4 दिसंबर को अधिसूचना जारी कर पहले 31 मार्च 2025 तक की समय सीमा तय की थी, जिसे अब 30 जून 2025 तक बढ़ा दिया गया है।
हालांकि वाहनधारकों की उदासीनता अब भी बनी हुई है। नतीजतन, आरटीओ और प्रशासन के सामने समय रहते सभी वाहनों में प्लेट लगाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
राज्य परिवहन विभाग को अब इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने, स्लॉट की संख्या बढ़ाने और प्रक्रिया को तेज करने की आवश्यकता है ताकि अंतिम तिथि के करीब एक और समयसीमा विस्तार की नौबत न आए।
