अकोला: दुधाला क्षेत्र के किसानों पर दोहरा संकट — सोयाबीन फसल बर्बाद, तुअर में कीट प्रकोप से बढ़ी चिंता

अकोला: दुधाला क्षेत्र के किसानों की बढ़ी मुश्किलें — सोयाबीन फसल की गुणवत्ता गिरी, तुअर पर इल्लियों का कहर
अकोला जिले के दुधाला गांव में किसानों पर इस बार दोहरी मार पड़ी है। खरीफ सीजन में किसानों ने बड़ी उम्मीदों के साथ सोयाबीन और तुअर की फसलें बोईं, लेकिन अब दोनों ही फसलों पर संकट मंडरा रहा है।
सोयाबीन की खराब क्वालिटी के कारण किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। कई किसानों ने मजबूरी में अपनी खराब फसल पर ट्रैक्टर और रोटावेटर चलाकर खेत दोबारा जोतने शुरू कर दिए हैं।
वहीं तुअर की फसल, जो किसानों के लिए आखिरी उम्मीद थी, अब कीट प्रकोप की चपेट में आ गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बादल छाए रहने से खेतों में इल्लियों का हमला बढ़ गया है और पौधों में फूल नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय किसान हर्षल वानखड़े ने बताया कि कीड़ों के कारण पूरी फसल खराब होने की आशंका है। आसपास के अधिकांश किसानों को भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द कीटनाशक छिड़काव और मदद नहीं मिली, तो इस सीजन में उनकी मेहनत पूरी तरह बेकार चली जाएगी।
