चंद्रपुर: कपास चुनते किसान पर बाघ ने किया हमला, मौके पर हुई मौत

चंद्रपुर: चिमूर में कपास तोड़ते किसान पर बाघ का हमला, मौत
चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले के चिमूर तहसील के अंबोली रोड इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक किसान को बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान ईश्वर भारदे के रूप में हुई है, जो अपने खेत में कपास तोड़ रहे थे।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में बाघ की मौजूदगी बढ़ गई थी। आज सुबह बाघ ने अचानक हमला किया, जिससे किसानों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और वन विभाग व प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक मदद और उचित मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और प्रशासन की ओर से मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
चंद्रपुर जिले में पिछले कुछ महीनों में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले एक महीने में ही बाघ के हमलों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिसके कारण किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। नागरिकों ने वन विभाग से तुरंत कदम उठाकर बाघों पर नियंत्रण लगाने की अपील की है।
