गोंदिया : नकली विदेशी शराब फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, ₹11 लाख की शराब जब्त – एक आरोपी गिरफ्तार

गोंदिया : पुलिस ने नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, ₹11 लाख का माल जब्त – आरोपी पराग अग्रवाल गिरफ्तार
गोंदिया शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई बाजपेयी चौक के पास कुंदनकुटी इलाके में स्थित एक सीमेंट गोदाम में की गई, जहां अवैध रूप से शराब तैयार की जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारते हुए मौके से आरोपी पराग अग्रवाल (31, निवासी गणेशनगर) को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जैसे ही छापेमारी की भनक पाई, वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।
मौके से पुलिस ने लगभग ₹11 लाख 5 हजार रुपये मूल्य का नकली शराब का स्टॉक, बोतलें, केमिकल और अन्य सामग्री जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल इंसानी स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हैं।
गोंदिया शहर पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
