नागपुर: प्रेम संबंध का विरोध करने पर प्रेमिका के जीजा पर हमला, वाठोडा थाना क्षेत्र से दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर के वाठोडा पुलिस थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है जहाँ प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है
यह घटना दिघोरी दहन घाट के पास हुई है। जयताला निवासी आशीष हरसे को अपनी साली और महेश काले के प्रेम संबंध पर आपत्ति थी। आशीष की साली ने यह बात जब अपने प्रेमी महेश काले को बताई तो उसके बाद महेश काले ने अपने दोस्त अनुराग ढोक के साथ मिलकर आशीष हरसे पर जानलेवा हमला कर दिया। रात के समय दोनों आरोपीयों ने श्मशान घाट के आशीष को रोका और पहले उसकी पिटाई की। जब आशीष ने इसका विरोध किया, तो महेश काले ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। आशीष को लहूलुहान हालत में देख किसी ने तत्काल वाठोडा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल आशीष को अस्पताल ले गई। आशीष के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महेश काले और उसके साथी अनुराग ढोक को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आशीष का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
