नागपुर के पारडी इलाके में तेंदुआ का आतंक, सात लोग घायल; बच्चों को ढूंढने के लिए टीम तैनात

नागपुर: पारडी इलाके में तेंदुए का आतंक, सात लोग घायल, तेंदुए के शावकों की तलाश में टीम तैनात
नागपुर के पारडी इलाके के शिवनगर में बुधवार तड़के तेंदुए ने रिहायशी इलाके में घुसकर सात लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि छह अन्य को हल्की चोटें आई हैं। यह घटना शहरीकरण और वन क्षेत्र में बढ़ते मानवीय अतिक्रमण को लेकर एक गंभीर संकेत है, जिससे शहर में मानव–वन्यजीव संघर्ष की स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो सकती है।
सुबह करीब 4 बजे, शिवनगर के शांतिपूर्ण इलाकों में अचानक तेंदुए की उपस्थिति महसूस की गई। कुछ ही मिनटों में तेंदुआ सड़क पर टहल रहे नागरिकों, काम पर जा रहे मजदूरों और बाहर निकले कुछ लोगों पर हमला कर दिया। इसमें सबसे गंभीर हमला कुंभकर्ण निषाद पर हुआ, जिनके सिर पर गहरी चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई। अन्य छह घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल के सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। तेंदुए के हमले की जानकारी मिलते ही वन विभाग, पुलिस और नगर निगम की टीमों ने तत्परता से कार्य शुरू किया। इस बीच, क्षेत्रीय विधायक कृष्ण खोपड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि इलाके में तेंदुए के दो और शावक होने की आशंका जताई है, जिसके बाद विशेष दल को इलाके में तैनात किया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पिछले 15 दिन पहले भी पारडी-भांडेवाड़ी इलाके में एक तेंदुआ एक इमारत की दूसरी मंजिल तक चढ़ गया था। इसके बाद से तेंदुए के इलाके में दिखने की घटनाएँ बढ़ गई हैं। विधायक कृष्ण खोपड़े ने कहा कि वह इस मामले पर वन मंत्री से मुलाकात करेंगे और विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाएंगे।
इस घटना के बाद इलाके के नागरिकों ने वन विभाग से मांग की है कि वे त्वरित कार्रवाई करें और जंगली जानवरों के विचरण पर रोक लगाए। इसके साथ ही, उन्होंने सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की अपील की है।
