“मनपा और स्थानीय स्वराज संस्था चुनाव में नहीं होगा वीवीपैट का इस्तेमाल, चुनाव आयोग ने हाईकोर्ट में दायर किया जवाब”

नागपुर: लोकल बॉडी चुनावों में EVM के साथ VVPAT का उपयोग नहीं होगा, राज्य चुनाव आयोग का दावा
नागपुर: राज्य चुनाव आयोग ने लोकल बॉडी चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ वीवीपैट (Voter Verifiable Paper Audit Trail) का इस्तेमाल करने की मांग को खारिज कर दिया है। आयोग ने अपने जवाब में बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच को बताया कि लोकल बॉडीज़ एक्ट में VVPAT के उपयोग का कोई प्रावधान नहीं है और तकनीकी कारणों से इसे लागू करना संभव नहीं है।
इस मामले की सुनवाई के दौरान, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रफुल्ल गुड़हे पाटिल ने लोकल चुनावों में VVPAT के उपयोग को अनिवार्य करने की मांग की थी। पाटिल ने कोर्ट से यह भी अनुरोध किया कि वह चुनाव आयोग को बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराने या हर EVM के साथ VVPAT को अनिवार्य बनाने का निर्देश दे।
राज्य चुनाव आयोग ने एफिडेविट में कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जहां एकल पोस्ट EVM का इस्तेमाल होता है, वहीं महाराष्ट्र की अधिकांश स्थानीय निकायों में एक ही वार्ड से दो से चार सदस्य चुने जाते हैं, जिसके लिए मल्टी-पोस्ट EVM की जरूरत होती है। आयोग ने बताया कि ऐसी मल्टी-पोस्ट EVM के लिए अभी तक कोई VVPAT डिज़ाइन विकसित नहीं किया गया है और चुनाव आयोग के पास ऐसी कोई मशीन उपलब्ध नहीं है। आयोग ने 2017 में नांदेड़-वाघला म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव में VVPAT के इस्तेमाल की एक असफल पायलट परियोजना का जिक्र किया, जिसमें तकनीकी समस्याएं आई थीं।
आयोग ने यह भी बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, महाराष्ट्र में सभी लोकल बॉडी चुनाव 31 जनवरी 2026 तक पूरे करने हैं। इतने कम समय में लाखों VVPAT या बैलेट पेपर के लिए बैलेट बॉक्स तैयार करना असंभव है। इस कारण, आयोग ने पिटीशनर की मांग को न केवल तकनीकी रूप से अव्यावहारिक बल्कि कानूनी रूप से भी लागू करने योग्य नहीं माना।
राज्य चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि पिटीशनर के पास VVPAT के बारे में कोई ठोस प्रमाण नहीं हैं, बल्कि यह सिर्फ़ संदेह और डर पर आधारित है। आयोग ने कोर्ट से अनुरोध किया कि पिटीशन को पहले ही खारिज कर दिया जाए।
सुनवाई में राज्य चुनाव आयोग की ओर से एडवोकेट अमित कुकड़े ने पक्ष रखा, जबकि पिटीशनर की ओर से एडवोकेट निहाल सिंह राठौड़ और पवन दहत उपस्थित थे।
