“नागपुर में ठंड ने तोड़ा सीजन का रिकॉर्ड, पारा लुढ़ककर 10.8 डिग्री पर पहुंचा”

नागपुर में ठंड का जोर: सीजन का सबसे कम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, दिसंबर जैसी सर्दी नवंबर में ही
नागपुर: इस साल ठंड ने नवंबर महीने में ही अपने तेवर दिखा दिए हैं। रविवार को शहर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। हैरानी की बात यह है कि नवंबर का महीना अभी आधा ही बीता है, और जो ठंड आमतौर पर दिसंबर में पड़ती थी, वह अब नवंबर में ही महसूस होने लगी है, जिससे नागरिकों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा है।
सुबह-सवेरे शहर में तेज ठंडी हवाएँ और हलका कोहरा छाया रहा, जिसने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और सुबह के समय बाहर निकलने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी भारत से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में यह गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। यदि मौसम साफ रहा और हवाओं की दिशा में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो तापमान और गिर सकता है।
ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में भी गर्म कपड़ों की खरीदारी में तेजी आ गई है। शनिवार और रविवार को कपड़ों की दुकानों में भारी भीड़ देखी गई, जहां जैकेट, स्वेटर, मफलर और टोपी जैसी गर्म कपड़ों की बिक्री में अचानक उछाल आया है। सीताबर्डी, धारम्पेठ, महल जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी लगातार जारी रही, वहीं गणेशपेठ के तिब्बत बाजार में भी हजारों लोग गर्म कपड़े खरीदने पहुंचे।
