दिल्ली बम ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा: संदिग्ध एक नहीं, दो कारों से आए – लाल रंग की Eco Sport कार का सुराग अब तक लापता!

दिल्ली बम ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को पता चला है कि संदिग्ध आतंकियों के पास I20 के अलावा एक और कार भी थी — लाल रंग की फोर्ड Eco Sport। अब दिल्ली पुलिस ने सभी थानों, चौकियों और बॉर्डर पोस्ट पर इस लाल कार को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। यही नहीं, यूपी और हरियाणा पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि कार को जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, लाल रंग की फोर्ड Eco Sport (नंबर DL10CK0458) दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके के पते पर रजिस्टर्ड है और इसे 22 नवंबर 2017 को खरीदा गया था। पुलिस का शक है कि इसी कार का इस्तेमाल संदिग्धों ने घटनास्थल तक पहुंचने में किया था। फिलहाल, दिल्ली पुलिस की पांच टीमें इस कार की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
डॉ. परवेज के घर से मिले अहम दस्तावेज़ और गैजेट्स
इस मामले की जांच में अब एक और मोड़ तब आया जब पुलिस को डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज के घर से कई अहम सबूत मिले। जांच टीम को वहां से चाकू, कीपैड मोबाइल, लैपटॉप और कई दस्तावेज़ बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि यूपी एटीएस और जम्मू पुलिस ने कल डॉ. परवेज और डॉ. शाहीन के पिता के घर पर भी तलाशी ली थी, हालांकि वहां से कुछ खास नहीं मिला।
डॉ. परवेज के घर से मिले लैपटॉप की जांच में सामने आया है कि डॉ. परवेज, डॉ. शाहीन और डॉ. मुज़म्मिल ऑनलाइन संपर्क में रहते थे। पुलिस को शक है कि डॉ. मुज़म्मिल ने दोनों भाइयों को रैडिकलाइज़ किया था। ये तीनों बीते दो-तीन सालों से किसी आतंकी हमले की योजना बना रहे थे और कई जगहों की रेकी भी कर चुके थे।
इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि डॉ. परवेज के घर के बाहर मिली एक कार सहारनपुर से खरीदी गई थी। फिलहाल, पुलिस बरामद गैजेट्स और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि संदिग्धों की गतिविधियों की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
