“IAS-IPS अधिकारियों के लिए 54 करोड़ में रविनगर में बनेगा 15 मंज़िला भव्य टॉवर; पीडब्ल्यूडी ने सरकार को भेजा प्रस्ताव”

नागपुर में आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के लिए 54 करोड़ की लागत से बनेगा 15 मंज़िला आवास टॉवर
नागपुर: उपराजधानी नागपुर में अब आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए आधुनिक आवास सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर काम तेज़ी से चल रहा है। राविनगर परिसर में 15 मंज़िला एक भव्य टॉवर बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है, जिसकी कुल लागत लगभग 54 करोड़ रुपये अनुमानित है।
नागपुर में बढ़ते प्रशासनिक अधिकारियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) ने यह योजना बनाई है। यह टॉवर विशेष रूप से वरिष्ठ अधिकारियों के लिए बनाया जाएगा, जिनमें विभागीय आयुक्त, पुलिस आयुक्त, मनपा आयुक्त, जिलाधिकारी, एनएमआरडीए कमिश्नर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जैसे अधिकारी शामिल होंगे।
इस 15 मंज़िला टॉवर में प्रत्येक मंजिल पर चार सर्वसुविधायुक्त फ्लैट्स होंगे, जिनकी कुल संख्या 60 होगी। यह फ्लैट्स आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे और अधिकारियों के रहने के लिए पूरी तरह उपयुक्त होंगे।
वर्तमान में, कई वरिष्ठ अधिकारियों को निजी मकानों या किराये के फ्लैट्स में रहना पड़ता है, क्योंकि सरकारी आवासों की संख्या सीमित है। इस नए टॉवर के बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, नागपुर में लगभग 120 सरकारी कार्यालय वर्तमान में किराये की इमारतों में संचालित हो रहे हैं। इन कार्यालयों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पीडब्ल्यूडी के सूत्रों के अनुसार, राविनगर के अलावा नागपुर के दो अन्य स्थानों पर भी सरकारी कार्यालयों के लिए भवन निर्माण की योजना है। यदि यह प्रस्ताव मंज़ूर होता है, तो आगामी दो वर्षों में यह 15 मंज़िला टॉवर नागपुर प्रशासनिक क्षेत्र का नया प्रतीक बन सकता है।
