पारडी: ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार के अड्डे पर छापा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

नागपुर: ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत पारडी में देह व्यापार का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन महिलाएं मुक्त
नागपुर: नागपुर शहर में अपराध शाखा की सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पारडी थाना क्षेत्र के भवानीनगर इलाके में देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया और तीन अन्य पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि भवानीनगर के एक रिहाइशी परिसर में महिलाओं और युवतियों से देह व्यापार करवाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने बोगस ग्राहक भेजकर एक सौदा 2000 रुपये में तय किया और जैसे ही महिला कमरे में पहुंची, पुलिस ने छापा मारकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान नेहा उर्फ पूजा राम प्रसाद साहू के रूप में हुई। साथ ही, पुलिस ने घर से तीन महिलाओं को मुक्त कराया, जो पैसों के लालच में इस अवैध धंधे में फंस चुकी थीं।
जांच में यह सामने आया कि इन महिलाओं को इस दलदल में फंसाने का काम वैभव द्विवेदी नामक दलाल करता था, जो अब पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी महिला और मुक्त कराई गई तीनों पीड़ित महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पारडी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों ने पिछले कुछ दिनों से इस घर में अवांछित लोगों के आना-जाना देख चिंता जताई थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर इस देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया।
यह कार्रवाई नागपुर में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रहे अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, और माना जा रहा है कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।
