नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल एडमिशन घोटाला: ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ट्रैफिक कांस्टेबल सस्पेंड

नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल एडमिशन फ्रॉड का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड गिरफ्तार; ट्रैफिक कांस्टेबल निलंबित
मुंबई के नामी नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल के नाम पर चल रहे एडमिशन फ्रॉड का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया कि महफूज जाकी अहमद शेख, जो खुद को राजेश कोटवानी बताता था, अभिभावकों को सीट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प रहा था। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दो पेरेंट्स से 9.39 लाख और 15 लाख रुपये की मांग की थी।
ई-चालान डेटा के जरिए अभिभावकों तक पहुंचता था आरोपी
फर्जीवाड़े में ट्रैफिक विभाग के एक कांस्टेबल अमोल अवघड़े की कथित भूमिका भी उजागर हुई है। जांच में पता चला कि अवघड़े ने अपनी ई-चालान मशीन का गलत इस्तेमाल कर स्कूल परिसर में आने वाले वाहनों का डेटा निकाला।
नंबर प्लेट के जरिए वह अभिभावकों के नाम और मोबाइल नंबर हासिल करता और यह जानकारी शेख को देता था।
इन्हीं डिटेल्स के आधार पर शेख अभिभावकों से संपर्क करता और एडमिशन की गारंटी देने का झांसा देकर पैसे वसूलता था।
कांस्टेबल सस्पेंड, आरोपी पहले भी रहा है विवादों में
स्कूल प्रबंधन द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद बीकेसी पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच में कांस्टेबल की भूमिका सामने आने पर उसे विभाग ने निलंबित कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शेख पर पहले भी धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज रह चुके हैं।
रैकेट में और कौन? जांच जारी
पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश में है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
