“RSS चीफ मोहन भागवत ने पीएम मोदी की की तारीफ, कहा- ‘भारत के प्रधानमंत्री जब बोलते हैं तो दुनिया ध्यान से सुनती है'”

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने पीएम मोदी की तारीफ में कहे बड़े शब्द, कहा- ‘जब प्रधानमंत्री बोलते हैं, तो दुनिया ध्यान से सुनती है’
नागपुर, 2 दिसंबर 2025: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की है। आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पुणे के कोथरुड में आयोजित कृतज्ञता समारोह में भागवत ने कहा कि “जब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं, तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है।” उन्होंने इसे भारत की बढ़ती ताकत और वैश्विक मंच पर देश को मिल रही नई पहचान से जोड़ा।
भागवत ने अपने संबोधन में कहा, “भारत की शक्ति अब सामने आ रही है और देश को उसकी सही जगह मिल रही है। जब भारत की ताकत प्रकट होती है, तो पूरी दुनिया उसे मान्यता देती है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुछ लोग यह मानते थे कि आरएसएस 30 साल देर से आया, लेकिन हकीकत में संघ हमेशा से सक्रिय था, बस अब लोग हमारी बातों को ध्यान से सुनने लगे हैं।
भागवत ने कहा कि जब भारत प्रगति करता है, तो दुनिया की समस्याएं हल हो जाती हैं, विवादों में कमी आती है और शांति का माहौल बनता है। उन्होंने इसे इतिहास में दर्ज एक सत्य बताया और कहा कि आज हमें फिर से उसी मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
उन्होंने इस अवसर पर श्री राम मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्व कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है। अब, संघ का उद्देश्य एक शक्तिशाली और सुंदर राष्ट्र मंदिर का निर्माण करना है। भागवत ने यह भी स्पष्ट किया कि संघ में आभार या अहंकार की कोई भावना नहीं है। उनका मानना है कि देश तभी प्रगति कर सकता है जब समाज संगठित हो, और यह संघ की प्राथमिकता है कि समाज को एकजुट किया जाए।
संघ प्रमुख ने आगे कहा, “राष्ट्र तभी संपन्न होगा जब समाज का हर वर्ग मजबूत होगा। देश का भला तभी संभव है जब समाज खड़ा हो। कठिन समय में समाज ने संघ का साथ दिया है, और इसलिए संघ आज इतना बड़ा हुआ है।”
इस समारोह में कांची कामकोटी पीठ के जगत गुरु शंकराचार्य विजेंद्र सरस्वती भी मौजूद थे।
