“यवतमाल: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 96 लाख की ठगी, 60 वर्षीय व्यक्ति से फर्जी पुलिस बनकर की लूट”

यवतमाल: ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 96 लाख की ठगी, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 60 वर्षीय व्यक्ति से लूटी रकम
यवतमाल: यवतमाल जिले में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 96 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह घटना सारस्वत चौक क्षेत्र के 60 वर्षीय गिरीश श्रीधर कलासपुरकर के साथ घटी, जब उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कोलाबा पुलिस स्टेशन का अधिकारी बताकर गिरीश को धमकाया और कहा कि उनके नाम पर एक फर्जी बैंक खाता खोला गया है, जिससे नक्सलियों को बड़े पैमाने पर पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।
आरोपी ने गिरीश को डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी और उन्हें डराया कि अगर वह सहयोग नहीं करते तो उनका arrest किया जाएगा। घबराए हुए गिरीश ने आरोपी को अपना एटीएम कार्ड की तस्वीर भेज दी और इसके बाद आरोपी ने उन्हें बार-बार धमकाया। धीरे-धीरे, आरोपी ने गिरीश से कई किश्तों में कुल 96 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए, जिसमें 14 लाख, 8 लाख, 5 लाख, और अन्य छोटी-छोटी राशियां शामिल थीं।
आरोपी ने गिरीश से यहां तक कह दिया कि वह उनके लिए खेती के लिए लोन भी ले सकते हैं, जिससे उनका शक और भी बढ़ा। अंत में, गिरीश ने समझा कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं और उन्होंने साइबर थाने के साथ-साथ अवधूतवाड़ी पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अब अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इस मामले में आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है, और साथ ही साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर ध्यान दे रही है।
