मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव आयोग के निर्णय को बताया गलत, कहा- मतदान से ठीक पहले का फैसला है धक्का देने वाला

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव आयोग के फैसले को बताया गलत, विपक्षी नेताओं पर भी कसा तंज
छ: संभाजीनगर: राज्य चुनाव आयोग द्वारा कुछ नगर परिषदों में चुनाव टालने के फैसले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे “गलत” बताते हुए कहा कि यह फैसला कानून के खिलाफ है और यह दूसरे उम्मीदवारों के लिए अन्यायपूर्ण है। फडणवीस ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग ने यह निर्णय किस नियम के तहत लिया और कहा कि चुनाव से ठीक एक दिन पहले यह निर्णय “धक्का देने वाला” है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “किसी ने अदालत का रुख किया और इसके आधार पर यह निर्णय लिया गया। आयोग का यह कदम चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला है।”
इसके साथ ही, फडणवीस ने निकाय चुनाव में विपक्षी नेताओं के गायब रहने पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, “यह साफ है कि विपक्षी नेता चुनावी प्रचार में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपनी हार निश्चित दिख रही है। वे कार्यकर्ताओं से कोई जुड़ाव नहीं रखते और अपनी हार की जिम्मेदारी अपने सिर नहीं लेना चाहते, इसलिए चुनाव प्रचार से दूर रहकर वह अपनी स्थिति को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”
इस बयान से मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए यह जाहिर किया कि उन्हें चुनावी परिणामों के प्रति कोई आत्मविश्वास नहीं है।
