“प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की तस्करी का भंडाफोड़, तहसील पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ा; 6 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त”

नागपुर: प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को रंगे हाथ पकड़ा, 6 लाख से अधिक का माल जब्त
नागपुर: मकर सक्रांति के मौके पर नायलॉन मांझे की तस्करी एक बार फिर सक्रिय हो गई है। नागपुर की तहसील पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नायलॉन मांझे का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने गीतांजलि चौक के पास ई-रिक्शा चालक को रंगे हाथ पकड़ा, जो अवैध रूप से यह माल ले जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, नियमित पेट्रोलिंग के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि एक ई-रिक्शा में प्रतिबंधित नायलॉन मांझा तस्करी करके लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को रोका और चालक की पहचान मोहम्मद शाहिद मोहम्मद सईद के रूप में की। जांच में पुलिस ने रिक्शा से करीब 260 चकरी नायलॉन मांझा बरामद किया, जो पूरी तरह से प्रतिबंधित था।
इस कार्रवाई में पुलिस ने ई-रिक्शा सहित कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का माल जब्त किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह नायलॉन मांझा मोमिनपुरा निवासी मोहम्मद सिद्दीकी अंसारी से खरीदा था। पुलिस अब मुख्य आपूर्तिकर्ता की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
नायलॉन मांझा की तस्करी को लेकर पुलिस की यह बड़ी सफलता उस समय आई है, जब मकर सक्रांति के मौके पर इस अवैध कारोबार के बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी।
