“नागपुर: ऑपरेशन थंडर के तहत कलमना पुलिस की कार्रवाई, MD ड्रग्स बेचते हुए आरोपी गिरफ्तार”

**नागपुर: ऑपरेशन थंडर के तहत कलमना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार**
नागपुर: नागपुर की कलमना पुलिस ने ऑपरेशन थंडर के तहत एक युवक को एमडी (मेथाडोन) ड्रग्स तस्करी के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विशाल उर्फ भाटी राधे श्याम बावने के रूप में हुई है, जो कलमना के राजा भोज चौक स्थित नौकन्या नगर का निवासी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विशाल एमडी ड्रग्स की एक खेप लेकर भरतवाड़ा रोड स्थित गोविंद लॉन के पास पहुंचने वाला है। इस सूचना पर पुलिस ने एक ट्रैप लगाकर उसे मोटरसाइकिल पर जाते हुए पकड़ लिया। उसकी तलाशी के दौरान उसके पास से 3 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह ड्रग्स अपने साथी हरिपाल बनोटिया से लेकर आया था, जो दुर्गा नगर, कलमना का निवासी है। हालांकि, पुलिस जब तक हरिपाल के घर पहुंची, तब तक वह फरार हो चुका था।
विशाल उर्फ भाटी पर पहले भी ड्रग्स तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और अब फरार साथी हरिपाल की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
