नागपुर: डेकोरेशन गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान राख — शॉर्ट सर्किट का अंदेशा

नागपुर के मानकापुर स्थित बगदादी नगर में राणा डेकोरेशन के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्राथमिक जांच के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से भड़कने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे गोदाम से अचानक धुआँ उठता दिखा और कुछ ही देर में आग ने बड़ा रूप ले लिया। डेकोरेशन सामग्री, प्लास्टिक आइटम और कपड़े तेजी से जलने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
मानकापुर पुलिस के पहुंचने के बाद दमकल की सात गाड़ियाँ मौके पर उतारी गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
दमकल अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच जारी है, जिसके बाद नुकसान का सटीक आंकलन किया जाएगा। फिलहाल भारी आर्थिक क्षति की संभावना जताई जा रही है।
