पूर्व नक्सली भूपति का नक्सलियों से हथियार छोड़ने की अपील, वीडियो संदेश में मुख्यधारा में शामिल होने का किया आवाहन

भूपति ने नक्सलियों से अपील की, ‘बंदूक छोड़कर मुख्यधारा में लौटें’
गडचिरोली: आंध्र-छत्तीसगढ़ सीमा के मारेदुमिली जंगल में मंगलवार को सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में कुख्यात माओवादी कमांडर माडवी हिडमा और उसके छह साथियों के मारे जाने के बाद, नक्सलवाद से जुड़ी एक नई दिशा देखने को मिली। हिडमा की मौत के बाद, नक्सली आंदोलन के पूर्व शीर्ष नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य मल्लोजुला वेणुगोपाल भूपति उर्फ सोनू दादा ने नक्सलियों से हथियार छोड़ने और मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
19 नवंबर को जारी किए गए अपने वीडियो संदेश में भूपति ने अपने पुराने नक्सली साथियों से आग्रह किया कि अब हथियारों के रास्ते से कुछ हासिल नहीं हुआ है। “हमने बंदूकों के रास्ते बहुत कुछ खोया है, लेकिन कुछ हासिल नहीं किया। इसलिए अब वक्त है कि हम अपने हथियार नीचे रखें और संविधान के दायरे में आकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें,” भूपति ने कहा।
इस वीडियो संदेश में भूपति ने नक्सली लीडरशिप की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हिडमा की मौत से संगठन में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की, “हिंसा का रास्ता छोड़ो और संविधान का रास्ता अपनाओ। देश और दुनिया अब आगे बढ़ रही है, हम भी उसी रास्ते पर चलें।”
मल्लोजुला वेणुगोपाल भूपति, जिन्होंने नक्सल आंदोलन को छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की थी, 15 अक्टूबर को अपने 60 साथियों के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने गढ़चिरौली में सरेंडर कर चुके हैं। इसे महाराष्ट्र में नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
भूपति ने नक्सलियों से संवाद की संभावना व्यक्त करते हुए अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया, ताकि जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहें, वे उनसे सीधे संपर्क कर सकें। वीडियो के अंत में उन्होंने कहा, “हमें अब संविधान में विश्वास रखना होगा, बंदूक से नहीं।”
इस संदेश के बाद, नक्सलियों से हिंसा छोड़ने और समाज की मुख्यधारा में लौटने की एक नई उम्मीद जताई जा रही है।
