दिल्ली धमाके के बाद देशभर हाई अलर्ट — अमरावती में कड़ी सुरक्षा, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड सतर्क

अमरावती में हाई अलर्ट: दिल्ली धमाके के बाद सुरक्षा कड़े, बम निरोधक और डॉग स्क्वॉड सतर्क
अमरावती: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए धमाके के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। केंद्रीय निर्देशों के बाद महाराष्ट्र में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है और अमरावती पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं।
शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों, बाजार और चौकों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। हर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। पुलिस बलों को 24 घंटे गश्त के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
तलाशी अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा
अमरावती और बडनेरा रेलवे स्टेशन, राजापेठ और बडनेरा बस स्टेशन सहित शहर के संवेदनशील इलाकों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों के सामान की जांच मेटल डिटेक्टर और कुत्तों की मदद से की जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
निगरानी और सतर्कता बढ़ाई गई
शहर में सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले बाजार, धार्मिक स्थल और सरकारी कार्यालयों के आसपास विशेष टीमें सघन जांच कर रही हैं। पुलिस आयुक्तालय ने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है और कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
अधिकारियों का दावा
सुरक्षा बलों को फुल-प्रूफ अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी संभावित आतंकवादी साजिश को रोकने के लिए तत्पर रहें। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं।
