अमरावती: घर में महिला पुलिसकर्मी की गला रेतकर हत्या, गुरुकृपा कॉलनी में मची सनसनी
अमरावती में महिला पुलिस कर्मी की घर में गला रेतकर हत्या, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
अमरावती: शहर के फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला पुलिस कर्मी की निर्मम हत्या से पूरे पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। 38 वर्षीय आशा घुले, जो फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन में पदस्थ थीं, का शव उनके ही घर में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। आशंका है कि उनकी गला रेतकर हत्या की गई है।
घटना गुरुकृपा कॉलनी स्थित उनके घर में घटी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के समय आशा घुले के पति—जो SRPF (राज्य राखीव पोलीस बल) में कार्यरत हैं—अपनी ड्यूटी पर थे। जब आशा घर में अकेली थीं, उसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई। जांच में गले पर गहरे घाव और दबाव के निशान मिले हैं, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी, जिनमें डीसीपी गणेश शिंदे और एसीपी शामिल हैं, मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया है।
हत्या की वजह अब तक साफ नहीं
पुलिस को अभी तक यह स्पष्ट सुराग नहीं मिला है कि हत्या किसने की और इसके पीछे कारण क्या था। घरेलू विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या किसी अन्य एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर दिशा में जांच कर रही है।
पुलिस विभाग में शोक और चिंता
पुलिस विभाग की ही एक सदस्य की इस तरह हत्या हो जाना न सिर्फ दुखद है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आशा घुले एक अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जानी जाती थीं। उनके सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों में इस घटना को लेकर गहरा शोक और चिंता है।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। हत्या के इस रहस्यमय मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए स्थानीय क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा।