भारत में 5G की रफ्तार तेज़, 2028 तक पहुंच सकता है 77 करोड़ यूजर्स का आंकड़ा
2024 में 5G डेटा उपयोग में तीन गुना वृद्धि देखी गई। दिसंबर 2024 तक, प्रति ग्राहक मासिक औसत 5G डेटा खपत 40GB तक पहुंच गई। वहीं, 4G और 5G डेटा खपत मिलकर पिछले पांच वर्षों में लगातार बढ़ी है।
भारत में 5G यूजर्स की संख्या में जबरदस्त उछाल, 2028 तक 77 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद
टेक डेस्क: भारत में 5G उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नोकिया की सालाना मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडेक्स रिपोर्ट के मुताबिक, 2028 तक देश में 5G यूजर्स की संख्या 2.65 गुना बढ़कर 77 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल, यह संख्या 29 करोड़ के करीब है।
तीन गुना बढ़ा 5G डेटा उपयोग
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में 5G डेटा उपयोग में तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिसंबर 2024 तक, प्रति ग्राहक मासिक औसत 5G डेटा खपत 40GB तक पहुंच गई। वहीं, 4G और 5G की कुल डेटा खपत पिछले पांच वर्षों में 19.5% की वार्षिक वृद्धि दर से बढ़कर 27.5GB हो गई है।
2025 में 90% बदले जाने वाले स्मार्टफोन होंगे 5G
भारत में 5G उपकरणों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 2024 में सक्रिय 5G उपकरणों की संख्या दोगुनी होकर 27.1 करोड़ तक पहुंच गई। रिपोर्ट बताती है कि 2025 में बदले जाने वाले 90% स्मार्टफोन 5G सपोर्टेड होंगे। इसके अलावा, 5G एडवांस्ड तकनीक, 6G की ओर बदलाव का मजबूत आधार बना रही है।
4G डेटा की खपत घटी, 5G ने पकड़ी रफ्तार
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही तक 5G डेटा की खपत 4G से अधिक हो जाएगी। कैटेगरी B और C सर्किलों में 5G डेटा उपयोग क्रमशः 3.4 गुना और 3.2 गुना बढ़ा है। वहीं, मेट्रो सर्किलों में 5G उपयोग अब कुल मोबाइल ब्रॉडबैंड डेटा का 43% तक पहुंच गया है, जो 2023 में केवल 20% था।
5G डेटा खपत बढ़ने के पीछे ये है वजह
नोकिया की रिपोर्ट के अनुसार, 5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) के बढ़ते उपयोग के कारण डेटा खपत में तेज़ी से इजाफा हो रहा है। FWA उपभोक्ता, औसत मोबाइल उपयोगकर्ताओं की तुलना में 12 गुना अधिक डेटा खर्च कर रहे हैं। यह वृद्धि नए आवासीय और व्यावसायिक सेवाओं के विस्तार के कारण हो रही है, जिससे 5G टेक्नोलॉजी का प्रसार और तेज़ होने की उम्मीद है।