Night Sweating: क्या आपको भी नींद में आता है पसीना? हो सकता है 7 गंभीर बीमारियों का संकेत
गर्मी ही नहीं, कुछ लोगों को हर मौसम में सोते समय ज्यादा पसीना आता है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अगर आपको भी रात में अधिक पसीना आता है, तो एक बार मेडिकल चेकअप करवाना जरूरी है, क्योंकि रात में सोते समय अत्यधिक पसीना आना (Night Sweating) सामान्य बात नहीं होती।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली: ज्यादातर लोगों को नींद में खर्राटे लेने की आदत होती है, जिससे दूसरों की नींद प्रभावित हो सकती है। वहीं, कुछ लोगों को सोते समय पसीना आता है, लेकिन वे इसे नजरअंदाज कर देते हैं। क्या आप जानते हैं कि इसे अनदेखा करना सेहत पर भारी पड़ सकता है?
अक्सर गर्मी या भारी कंबल ओढ़ने की वजह से पसीना आ सकता है, लेकिन अगर एसी चल रहा है या मौसम ठंडा होने के बावजूद आपको पसीना आ रहा है, तो यह चिंता का विषय हो सकता है।
रात में सोते समय अधिक पसीना आना सामान्य नहीं होता। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जैसे डायबिटीज, हार्मोनल असंतुलन, हाइपरथायरायडिज्म या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं। ऐसे में इसे हल्के में लेने के बजाय इसकी असली वजह जानना जरूरी है। आज हम आपको नींद में पसीना आने से जुड़ी संभावित बीमारियों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं विस्तार से।
प्रोस्टेट कैंसर
प्रोस्टेट कैंसर पुरुषों में होने वाली एक गंभीर बीमारी है। अगर आपको रात में सोते समय अधिक पसीना आता है, तो यह प्रोस्टेट कैंसर का संकेत हो सकता है। खासतौर पर, कुछ ट्रीटमेंट के दौरान प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे मरीजों को रात में अत्यधिक पसीना आने की समस्या होती है। इसके अलावा, हैवी डोज वाली दवाओं का सेवन भी इस समस्या का कारण बन सकता है।
मेनोपॉज
यदि महिलाओं को रात में सोते समय अधिक पसीना आता है, तो यह मेनोपॉज का संकेत हो सकता है। इस दौरान हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे अधिक उम्र की महिलाओं को रात में अत्यधिक पसीना आने की समस्या हो सकती है।
हाइपरथायरायडिज्म
हाइपरथायरायडिज्म वह स्थिति होती है जब थायरॉइड ग्रंथि जरूरत से ज्यादा थायरॉइड हार्मोन का उत्पादन करने लगती है। जब यह अत्यधिक सक्रिय हो जाता है, तो शरीर गर्मी और पसीने को सहन नहीं कर पाता। यदि आपको भी यह समस्या हो रही है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना आवश्यक है।
तनाव और चिंता
अत्यधिक तनाव या चिंता लेने से भी रात में पसीना आ सकता है। इस स्थिति में दिल की धड़कन तेज हो जाती है और घबराहट महसूस होती है। इससे बचने के लिए नियमित व्यायाम, मेडिटेशन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना फायदेमंद हो सकता है।
हार्ट डिजीज का खतरा
हार्ट डिजीज या संभावित हार्ट अटैक से पहले भी अत्यधिक पसीना आ सकता है। यदि आपको रात में अत्यधिक पसीना आता है, तो यह हार्ट अटैक का संकेत हो सकता है। ऐसे में अपने हृदय की जांच करवाना जरूरी है ताकि संभावित जोखिमों का समय रहते पता लगाया जा सके।
डायबिटीज
यदि शरीर का शुगर लेवल अचानक कम हो जाए, तो इससे भी रात में पसीना आ सकता है। डायबिटीज के मरीजों में यह समस्या हाइपोग्लाइसीमिया यानी ब्लड शुगर के कम होने का संकेत हो सकती है।
मोटापा
रात में सोते समय पसीना आने के पीछे मोटापा भी एक कारण हो सकता है। यदि आपका वजन अधिक है, तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। दरअसल, अधिक वजन होने पर शरीर को ज्यादा गर्मी महसूस होती है, जिससे अत्यधिक पसीना आने की समस्या हो सकती है।